यूपी: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और NCP के सीनियर नेता अजित पवार की विमान हादसे में मौत के बाद देश की राजनीति में सवाल उठने लगे हैं। इस घटना को लेकर कई नेताओं ने हादसे की जांच कराने की मांग की है। वहीं इस घटना पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है और मामले की जांच की मांग की है।
VIP लोग अच्छे जहाज में चलें
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि, VIP लोगों को कम से कम अच्छे और सुरक्षित जहाजों में यात्रा करनी चाहिए और इसको लेकर कोई ठोस नियम या व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने जो सवाल उठाए हैं, वह सही हैं।
हादसे की निष्पक्ष जांच जरूरी है
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने बयान में आगे कहा कि, अगर जिस जहाज से यात्रा की जा रही थी वह पूरी तरह ठीक था, तो फिर हादसा कैसे हुआ, यह जांच का विषय है। साथ ही समाजवादी पार्टी के मुखिया ने कहा कि, ऐसे मामलों में पारदर्शी और निष्पक्ष जांच बहुत जरूरी है।
हर बार हादसे के बाद सवाल उठते हैं
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देश ने ऐसे हादसों में कई बड़े और महान नेताओं को खोया है। हर बार हादसे के बाद सवाल उठते हैं, लेकिन जांच के नतीजे सामने नहीं आते। यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से सबक लेना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Comments (0)