उत्तरप्रदेश के महोबा में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ़ गुड्डू भैया ने रोक लिया। यह घटना रामश्री महाविद्यालय के पास हुई, जहां मंत्री एक कार्यक्रम से लौट रहे थे।मिली जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ‘युवा उद्घोष कार्यक्रम’ में शामिल होकर लौट रहे थे, जिसमें लगभग 100 ग्राम प्रधान भी मौजूद थे। इसी दौरान विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों के साथ मंत्री का काफिला रुकवा दिया और अपने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की खराब हालत को लेकर नाराजगी जताई।
जमकर हुई बहस
बताया जा रहा है कि जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में पाइपलाइन डालने के कारण सड़कों को खोदा गया था, लेकिन मरम्मत ठीक से नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इसी मुद्दे को लेकर विधायक और उनके समर्थक नाराज हो गए और मंत्री के सामने तत्काल कार्रवाई की मांग की। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब विधायक, उनके समर्थक और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं में झड़प
मौके पर मौजूद सीओ सदर और कोतवाल ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ की नाराजगी बढ़ती रही। कुछ देर के लिए वहां धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान मंत्री और विधायक के बीच भी कहासुनी हुई। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति संभाली और मंत्री का काफिला आगे बढ़ सका।
Comments (0)