हरिद्वार में चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि सितंबर तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चेकिंग अभियान
बैठक में तेज रफ्तार ओवरलोडिंग बिना हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करने और जहां जरूरत हो वहां नई लाइट लगाने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने भूपतवाला से बहादराबाद तक सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें कम करने और प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश परिवहन और पुलिस विभाग को दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सड़कों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार साल 2026 के पहले तीन महीनों में हजारों चालान कर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई है।