सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज यानी की शुक्रवार को लखनऊ में अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधितकरते हुए कहा कि आज का ये समारोह पीएम मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के प्रति उद्योगों के बढ़ते हुए विश्वास का एक प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि ये परियोजना उत्तरप्रदेश के औद्योगिक विकास और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के प्रति हम सबके दृढ़ विश्वास का प्रतीक भी है।
आज दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और ग्लोबल कूलिंग से त्रस्त है
सीएम ने अपने संबोधन में आगे कहा कि हम आज उस युग में जी रहे हैं जहां पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और ग्लोबल कूलिंग से त्रस्त है। तमाम प्रकार की आपदाएं हम सभी के सामने एक नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं। उन स्थितियों में हम सब भी अपने आप को तैयार कर सकें, उस दिशा में किए जाने वाले प्रयास का यह एक हिस्सा है।इसके साथ ही यूपी के मुखिया ने आगे कहा कि इसमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से देश के हजारों युवाओं के लिए नौकरी व रोजगार की संभावनाएं भी विकसित हुई हैं।
2017 से पहले यूपी में अराजकता चरम पर थी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधित में विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 के पहले इस उत्तर प्रदेश में क्या परिस्थितियां थीं? अराजकता चरम पर थीं। निवेश की बात तो दूर जो निवेश था वह भी यहां से पलायन करने के लिए पूरी तरीके से तैयार था। उन्होंने कहा कि, 2017 में हम लोग आए थे, हम लोगों ने उस समय कहा था कि उत्तर प्रदेश असीमित क्षमताओं का प्रदेश है।
यूपी संभावनाओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश है
यूपी के मुखिया योगी ने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि, अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ लोगों ने इसे बदनाम किया होगा। लेकिन आज मैं कह सकता हूं कि उत्तर प्रदेश असीमित क्षमताओं का ही नहीं बल्कि संभावनाओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश है।
Comments (0)