मसूरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विकास और स्थायित्व चाहती है जो केवल डबल इंजन सरकार के माध्यम से ही संभव है।
विश्व पटल पर पहचान
डॉ. निशंक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति के तहत लगातार काम कर रही है जिसका सीधा लाभ देश की जनता को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता अब राष्ट्रहित और विकास की राजनीति के साथ खड़ी नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की राजनीति को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है और विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है इसलिए वह केवल बयानबाजी कर रहा है।
10 वर्षों में उत्तराखंड को केंद्र से रिकॉर्ड धनराशि
उत्तराखंड को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि वर्ष 2027 में भी राज्य में भाजपा की सरकार दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर तेजी से विकास कार्य कर रही हैं और पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड को केंद्र से रिकॉर्ड धनराशि मिली है जिससे प्रदेश विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। डॉ. निशंक ने कहा कि आने वाले समय में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी और उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।