लखनऊ - उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान मौर्य ने कहा कि 2027 तो दूर, 2047 तक भी समाजवादी पार्टी की सत्ता में वापसी की कोई संभावना नहीं है।
कोरोना के कारण जनगणना में देरी हुई थी
जनगणना को लेकर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, कोरोना महामारी के कारण इसमें देरी हुई थी। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना में जाति का कॉलम भी शामिल किया गया है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जनगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे सफल बनाएं।
विपक्ष बेवजह मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि जनगणना से जुड़ी सभी जानकारी जनगणना आयोग को दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष बेवजह मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का भी जिक्र किया। मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव 2024 में “गुब्बारे की तरह फूल गए थे”, लेकिन उसी समय से उनकी राजनीति की “हवा निकलनी” शुरू हो गई थी।
ममता से मिलना अखिलेश का दिखावा
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता मौर्य ने यह भी कहा कि 2026 में ममता बनर्जी की हार के बाद भी अखिलेश यादव का पश्चिम बंगाल जाना उनके तनाव को दिखाताहै। आपको बता दें कि, आगामी चुनावों को देखते हुए प्रदेश में राजनीतिक बयानबाज़ी लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर आने वाले समय में और तेज होने की संभावना है।