चेन्नई। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच विजय ने शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने विजय को सरकार गठन की मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि विजय आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
118 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा
विजय ने लगातार तीसरे दिन लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK), कांग्रेस, CPI, CPI(M) और VCK के कुल 118 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 234 में से 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। विजय स्वयं दो सीटों से चुनाव जीते हैं। कांग्रेस के 5 विधायकों और CPI, CPI(M) व VCK के 2-2 विधायकों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया है।
आज ले सकते हैं CM पद की शपथ
इससे पहले विजय 6 और 7 मई को भी सरकार गठन का दावा पेश कर चुके थे, लेकिन उस समय पर्याप्त समर्थन संख्या नहीं होने के कारण राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया था। अब 118 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद तमिलनाडु में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है और राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।