कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सरकार गठन की तस्वीर साफ हो गई है। नव-निर्वाचित बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री चुने जाने पर औपचारिक मुहर लग गई। ममता बनर्जी को चुनाव में हराने वाले शुभेंदु अधिकारी अब कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी विधायकों ने सहमति जताई। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई। विधायक दल की बैठक के बाद शुभेंदु अधिकारी राजभवन जाकर राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
दो डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा तेज
सूत्रों के मुताबिक नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। भाजपा नेतृत्व क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल का गठन करने की तैयारी में जुटा है। हालांकि, डिप्टी सीएम के नामों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
अमित शाह ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में की पूजा
बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। मंदिर दर्शन के बाद शाह ने पार्टी नेताओं के साथ सरकार गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर अहम बैठकें कीं।
बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
इस विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया इतिहास रच दिया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। साल 2021 के चुनाव में भाजपा को केवल 77 सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पहली बार बंगाल की सत्ता तक पहुंचने का रास्ता साफ कर लिया।