विकास भवन सभागार में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की धीमी प्रगति और गुणवत्ता जांच में बरती जा रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित योजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा कर हर घर जल सर्टिफिकेशन सुनिश्चित किया जाए।
स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल योजनाओं का निर्माण कर उन्हें हैंडओवर करना नहीं है बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मानसून से पहले सभी विकासखंडों में पेयजल गुणवत्ता जांच का कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समितियों के तत्काल पुनर्गठन पर भी जोर दिया। साथ ही नल जल मित्रों को योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रह सके।
सीडीओ ने नाराजगी की व्यक्त
समीक्षा में पिछली बैठक के निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त की। विशेष रूप से विकासखंड डोईवाला में पेयजल गुणवत्ता जांच कार्य शुरू नहीं किए जाने पर उन्होंने संबंधित इंजीनियरों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मानसून से पहले सभी गांवों में पानी की गुणवत्ता जांच और सर्टिफिकेशन का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा कर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।