उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के लक्सर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है चारधाम यात्रा के बीच रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से एक 29 वर्षीय महिला रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई और सबसे हैरान करने वाली बात जिस लक्सर रेलवे स्टेशन पर हजारों यात्रियों की आवाजाही होती है वहां के ज्यादातर CCTV कैमरे बंद मिले।
पति के साथ केदारनाथ के किए दर्शन
देहरादून से गाजियाबाद जा रही नंदा देवी एक्सप्रेस और इसी ट्रेन से एक महिला अचानक रहस्यमय ढंग से लापता हो जाती है। घटना हरिद्वार जिले के लक्सर रेलवे क्षेत्र की है जहां 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह अपने पति के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि 5 मई की रात करीब 12 बजे बहादुरपुर आउटर और लक्सर रेलवे स्टेशन के बीच महिला अचानक ट्रेन से गायब हो गई। जब पति ने सीट पर पत्नी को नहीं देखा तो ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन और आसपास तलाश की गई लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का रेलवे पर आरोप
मामले की सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस जीआरपी और आरपीएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेलवे ट्रैक स्टेशन परिसर होटल और अस्पतालों में तलाश की गई लेकिन 36 घंटे बाद भी महिला का कोई पता नहीं चल सका। लेकिन इस पूरे मामले ने तब बड़ा मोड़ ले लिया जब रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरों की जांच हुई। परिजनों का आरोप है कि स्टेशन के अधिकांश कैमरे बंद पड़े थे। यानी जिस सुरक्षा सिस्टम के भरोसे लाखों यात्री सफर करते हैं वही सिस्टम मौके पर पूरी तरह फेल नजर आया।
प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय
चारधाम यात्रा के चलते इन दिनों उत्तराखंड के रेलवे स्टेशन यात्रियों से भरे हुए हैं। ऐसे समय में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना रेलवे प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। वहीं स्थानीय पुलिस की ओर से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उपलब्ध फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर एंगल पर जांच जारी है अब सबसे बड़ा सवाल यही है अगर व्यस्त रेलवे स्टेशन पर CCTV कैमरे ही बंद पड़े हों तो यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है और यदि किसी बड़ी आपराधिक घटना के वक्त तकनीकी व्यवस्था ही फेल हो जाए तो जवाबदेह कौन होगा लक्सर स्टेशन की ये बड़ी लापरवाही अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुकी है।