पुलिस भर्ती के खेल कौशल परीक्षण के चलते लखनऊ शहर में 28 और 29 मार्च को ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि शनिवार को सर्वोदय नगर और कुकरैल बंधा मार्ग प्रभावित रहेंगे, जबकि रविवार को शहीद पथ और जनेश्वर मिश्र पार्क के आसपास यातायात बदला जाएगा।
शनिवार, 28 मार्च सुबह 06:00 बजे से
पीएसी हेड तिराहा: वाहन पीएसी गेट नंबर-2 या सर्वोदय नगर की तरफ नहीं जा सकेंगे। वाहन फैजाबाद रोड से मार्ग ले सकते हैं।
रहीम नगर चौराहा: ट्रैफिक सर्वोदय नगर पुल की ओर नहीं जा पाएगा, वायरलेस चौराहा का उपयोग करना होगा।
कल्याण अपार्टमेंट तिराहा: सर्वोदय नगर की ओर जाने पर प्रतिबंध, वाहन खुर्रमनगर या सेक्टर-25 से जा सकते हैं।
आरआर बंधा और शक्तिनगर: शक्तिनगर ढाल से कुकरैल ओवरब्रिज की तरफ यातायात बंद। चालक निशातगंज या पॉलिटेक्निक चौराहे का मार्ग ले सकते हैं।
रविवार, 29 मार्च सुबह 06:00 बजे से
जी-20 तिराहा शहीद पथ: वाहन पिपराघाट तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। ट्रैफिक एसएसबी रैंप या हुसड़िया अंडरपास की ओर डायवर्ट रहेगा।
जनेश्वर मिश्र पार्क: पार्क के गोल चक्कर से पिपराघाट की तरफ जाने वाला मार्ग बंद, ताज अंडरपास का प्रयोग करें।
पिपराघाट तिराहा: वाहन शहीद पथ जी-20 तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे, डायवर्जन जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर होगा।
आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्देश
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि एम्बुलेंस, स्कूल वाहन और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को डायवर्जन के बावजूद प्रतिबंधित मार्गों से निकलने की अनुमति दी जाएगी।