प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को उत्तरप्रदेश के दौरे पर रहेंगे, जहां वे जेवर में देश की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के प्रथम चरण का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा को बेहद कड़ा कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र को रेड जोन घोषित किया गया है, जहां ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
उत्तर प्रदेश का 5वां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। पहले चरण का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसका उद्घाटन पीएम मोदी करेंगे। एयरपोर्ट दिल्ली से लगभग 80 किलोमीटर दूर स्थित है।
उद्घाटन के बाद जनसभा को भी करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी सुबह लगभग 11:30 बजे गौतमबुद्ध नगर के जेवर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वे पहले टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे और दोपहर 12 बजे पहले चरण का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम
एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए पांच लेयर सिक्योरिटी लागू की गई है, और 5,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रेड जोन में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सक्रिय हैं।
सभी प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी, सघन फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की व्यवस्था की गई है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड लगातार एंटी-सैबोटेज जांच कर रहे हैं। महिलाओं के लिए अलग चेकिंग एनक्लोजर और हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। पीएसी, RAF, ATS और CISF की टुकड़ियां भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात हैं। 300 हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। जनसभा स्थल पर कुछ पुलिसकर्मी असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में तैनात हैं।
16 अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा गया
कार्यक्रम में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आसपास के 16 सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा गया है। सभी अस्पतालों में बेड रिज़र्व किए गए हैं और एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी तत्पर रहेंगे।