प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत में विकास, गति और कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी।यह एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय विकास को नई ऊर्जा देगा और देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति का नया अध्याय माने जा रहा है।
उत्तर भारत में विकास को मिलेगी नई रफ्तार
नए एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा। साथ ही उत्तराखंड को दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के करीब 25 प्रमुख आर्थिक केंद्रों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
पीएम मोदी मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गणेशपुर पहुंचेंगे और वहां से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से देहरादून जाएंगे और मेजर जसवंत सिंह मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।इस कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में उद्योग, कृषि, पर्यटन और सेवा क्षेत्र को नई गति मिलेगी। यह परियोजना राज्य को पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़ाकर एक नए विकास मॉडल के रूप में स्थापित करेगी।
विकास को मिलेगी नई दिशा
यह एक्सप्रेसवे स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा करेगा। पर्यटन, ट्रांसपोर्ट, होटल, निर्माण और सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।हरिद्वार और ऋषिकेश तक आसान पहुंच से चारधाम यात्रा का समय घटेगा और यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी। इससे यात्रा प्रबंधन बेहतर होगा और श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है।