बिहार की राजनीति में इस समय सबसे बड़ी चर्चा यही है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। हालांकि कई नाम सामने आ रहे हैं, लेकिन मौजूदा समय में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इसी बीच उनके आवास पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ।
सोमवार को दिनभर राजनीतिक हलचल और लगातार बैठकों का दौर जारी रहा
सोमवार सुबह से ही सम्राट चौधरी के आवास पर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। सबसे पहले उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर हुई, जहां करीब एक घंटे तक चर्चा चली। इसके बाद जदयू नेता ललन सिंह और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, दोनों नेता एक साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पहुंचे और वहां लगभग आधे घंटे तक बातचीत की।सूत्रों के अनुसार, इस बैठक के दौरान जदयू नेताओं ने अपने मंत्रियों की सूची भाजपा को सौंप दी है।
विधायक दल की बैठक में होगा अंतिम फैसला
कैबिनेट बैठक के बाद आज दोपहर भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नए मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। हालांकि राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नाम पहले ही तय हो चुका है, केवल आधिकारिक घोषणा बाकी है।