भारतीय एलपीजी जहाज जग विक्रम आज मंगलवार को कांडला बंदरगाह पहुंचने वाला है। यह जहाज हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर चुका है। इस संबंध में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आधिकारिक जानकारी साझा की है।
भारतीय नाविक सुरक्षित, 2,177 की घर वापसी
सरकार के अनुसार खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। अब तक कुल 2,177 नाविकों को भारत वापस लाया जा चुका है, जिनमें से 93 पिछले 24 घंटे में लौटे हैं। विदेश मंत्रालय और भारतीय मिशन लगातार नागरिकों की सहायता में जुटे हैं।
कंट्रोल रूम पर भारी संख्या में संपर्क
डीजी शिपिंग के कंट्रोल रूम ने अब तक 6,073 कॉल्स और 12,867 ईमेल्स को हैंडल किया है। बीते 24 घंटों में 20 कॉल और 80 ईमेल प्राप्त हुए।
बंदरगाहों पर संचालन सामान्य
देशभर के सभी बंदरगाहों पर कामकाज सुचारू रूप से जारी है। पश्चिमी तट पर वेस्ट एशिया से जुड़े 3,383 कंटेनर (TEU) पहुंचे, जिनमें से 3,228 की डिलीवरी हो चुकी है। शेष 155 कंटेनर तकनीकी कारणों से लंबित हैं, लेकिन कहीं भी जाम या देरी की स्थिति नहीं है।
मंत्रालयों के बीच समन्वय जारी
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और खाड़ी क्षेत्र में भारतीय मिशन मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि नाविकों की सुरक्षा और समुद्री संचालन प्रभावित न हो।
विदेश मंत्री का यूएई दौरा
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 11 से 12 अप्रैल के बीच संयुक्त अरब अमीरात का दौरा किया। इस दौरान क्षेत्रीय हालात और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर चर्चा की गई।
नागरिकों के लिए 24x7 हेल्पलाइन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विदेशों में भारतीय मिशन 24 घंटे हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता दे रहे हैं और समय-समय पर जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।