टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। एक ओर विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर इसे बड़े राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
टिहरी झील में बोटिंग कर सकते हैं प्रधानमंत्री
सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे के दौरान टिहरी झील में बोटिंग कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे कोटीकॉलोनी से डोबरा-चांठी तक क्रूज या बार्ज बोट से सफर कर सकते हैं। इस पहल को टिहरी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को नई गति मिल सकती है।
सुरक्षा और तैयारियों में जुटा प्रशासन
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर टीएचडीसी और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कई समितियों का गठन कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। टीएचडीसी के मुख्य महाप्रबंधक आरआर सेमवाल, एएसपी दीपक सिंह, एसडीएम कमलेश मेहता और जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कोटीकॉलोनी क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा और संचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीआरएफ की टीम ने भी झील क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों की जांच की है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री कुछ समय क्रूज बोट में रुक सकते हैं और आसपास के होमस्टे में संभावित प्रवास को लेकर भी चर्चा चल रही है।
8 हजार करोड़ की परियोजना का हो सकता है लोकार्पण
प्रधानमंत्री इस दौरे में टिहरी बांध की 1000 मेगावाट क्षमता वाली पंप स्टोरेज प्लांट परियोजना का लोकार्पण कर सकते हैं।
करीब 8 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनी यह देश की पहली वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज योजना है। इसके शुरू होने के बाद टिहरी बांध की कुल बिजली उत्पादन क्षमता बढ़कर 2400 मेगावाट तक पहुंच जाएगी।
स्थानीय लोगों को बड़ी घोषणाओं की उम्मीद
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से स्थानीय लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। बांध प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रॉयल्टी, क्षेत्रीय विकास और प्रतापनगर क्षेत्र के फिकवाल समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल किए जाने जैसे मुद्दों पर लोगों की नजरें टिकी हैं।
चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश
अगले वर्ष उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में टिहरी में होने वाली यह जनसभा बीजेपी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। टिहरी और उत्तरकाशी जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 7 पर बीजेपी का कब्जा है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी का यह दौरा विकास और राजनीति दोनों मोर्चों पर बड़ा संदेश देगा।