नैनीताल - रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर M.B. इंटर कॉलेज ग्राउंड, हल्द्वानी, नैनीताल में आयोजित एक जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित कर कहा कि, आज सारी दुनिया में युद्ध चल रहा है, यह केवल भारत के लिए ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए एक चिंता का विषय है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सुरक्षित है
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, आज पूरी दुनिया एक संकट के दौर से गुज़र रही है। आज सारी दुनिया में युद्ध चल रहा है, यह केवल भारत के लिए ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए एक चिंता का विषय है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, इस संकट की घड़ी में दुनिया का कोई देश प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने हमें उस स्थिति तक पहुंचने नहीं दिया।
धामी सिर्फ 'धाकड़ धामी' नहीं, बल्कि 'धुरंधर धामी' है
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि,यह सभा उत्तराखंड के कर्मठ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित की गई है। चुनाव के दौरान मैंने एक रैली में कहा था कि हमारा धामी कोई साधारण धामी नहीं है, बल्कि 'धाकड़ धामी' है। उन्होंने आगे कहा कि, 4 साल के कार्यकाल में उन्होंने जो किया है, उसे सुनने के बाद, मैं इस नतीजे पर पहुंचा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को सिर्फ 'धाकड़ धामी' नहीं, बल्कि 'धुरंधर धामी' कहा जाना चाहिए। उन्होंने धुआंधार काम किया है।
2014 के पूर्व देश की राजनीति में केवल घोटाले हुआ करते थे
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि, हमारी डबल इंजन की सरकार के 4 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह आयोजन रखा गया है। आज हमें यहां हमारे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि, 2014 के पूर्व देश की राजनीति में केवल घोटाले हुआ करते थे, 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के सफल नेतृत्व में भारत का एक ऐतिहासिक कालखंड प्रारंभ हुआ है।
Comments (0)