देवभूमि उत्तराखंड के पौराणिक और आध्यात्मिक वैभव की प्रतीक आदि कैलाश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के जत्थे का रुद्रपुर पहुंचने पर जोरदार अभिनंदन किया गया। गुजरात से आए कैलाश यात्रियों ने कहा कि देश को हिंदू राष्ट्र बनने का सपना जल्द ही साकार होगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सनातनियों की मांग जल्द पूरी होगी।
हर-हर महादेव के लगे जयकारे
गुजरात सहित अन्य स्थानों से आए इन यात्रियों का महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में अमरनाथ जी सेवा मंडल के पदाधिकारियों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा व धार्मिक उद्घोषों के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया। भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन के दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आदि कैलाश दर्शन की अभिलाषा लेकर निकले यात्रियों का रुद्रपुर पहुंचा जहां त्रिशूल चौक पर शिव भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में देवभूमि की पहचान निरंतर सशक्त हो रही है। चारधाम यात्रा के साथ-साथ कुमाऊं मंडल के आदि कैलाश जागेश्वर धाम नीम करोली महाराज हाट कालिका मंदिर और गोल्ज्यू महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार पर्यटन के साथ तीर्थाटन को बढ़ावा देकर प्रदेश की आर्थिकी को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
त्रिशूल चौक का निर्माण
रुद्रपुर को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन शहर को एक विशिष्ट धार्मिक पहचान देने के लिए संकल्पित है जिसके तहत त्रिशूल चौक का निर्माण किया गया है और शीघ्र ही डमरू चौक सहित अन्य धार्मिक प्रतीक शहर की शोभा बढ़ाएंगे। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के आशीर्वाद से रुद्रपुर में शिव कॉरिडोर को एक विशाल तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रुद्रपुर देश भर के शिव भक्तों के स्वागत के लिए अपनी वास्तविक आध्यात्मिक पहचान के साथ तैयार होगा।