मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को रोजगार से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस पर घोषित ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के लिए सभी जनपदों में शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोजित एक अहम बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति का लक्ष्य ऐसा सशक्त वातावरण तैयार करना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता से जुड़े अवसर एक ही परिसर में उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वाकांक्षी योजना को स्थानीय जरूरतों और क्षेत्रीय संभावनाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।
उद्योग और रोजगार से जुड़े विभागों का होगा समन्वय
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह जोन उद्योग, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और उद्योग-सहायता से संबंधित विभागों एवं सुविधाओं को एकीकृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
एमएसएमई और नवाचार को मिलेगा प्रोत्साहन
उन्होंने एमएसएमई, सेवा क्षेत्र आधारित उद्योगों और नवाचार से जुड़े क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया, जिससे उद्यमियों को शुरुआत से ही आवश्यक अवसंरचना उपलब्ध हो सके।
कॉमन फैसिलिटी और प्रशिक्षण की व्यापक व्यवस्था
बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग लैब, डिस्प्ले एवं डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी/सीईटीपी, प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जाएंगी। साथ ही युवाओं के कौशल उन्नयन हेतु उद्यमिता प्रशिक्षण, मेंटरिंग, विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी और हैंडहोल्डिंग सुविधाएं भी इसी परिसर से प्रदान की जाएंगी।
हर जनपद में कम से कम 50 एकड़ में विकसित होगा जोन
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस योजना को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के सभी जनपदों में लागू किया जाएगा। प्रत्येक जनपद में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्र में एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किए जाएंगे। प्रस्तावित जोन में औद्योगिक क्षेत्र, फ्लैटेड फैक्ट्री, वाणिज्यिक क्षेत्र, सड़क, कॉमन फैसिलिटी, सेवा क्षेत्र, हरित क्षेत्र और कार्यालय स्पेस का संतुलित लेआउट तैयार किया गया है।
एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर की भी होगी स्थापना
इसके साथ ही ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ स्थापित करने का भी प्रस्ताव है, जहां प्रशिक्षण हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, एक्सटेंशन काउंटर और उद्योग-सहायता से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप से जुड़ेगा उद्योग
बैठक में यह भी बताया गया कि ऑपरेशनल मॉडल के तहत स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रशिक्षण, कौशल विकास, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और संबंधित उद्योगों में वेतन आधारित रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
रोजगार सृजन का मजबूत केंद्र बनेगा जोन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और उद्यमिता का एक सशक्त केंद्र बनेगा। उन्होंने संभावित स्थलों की जल्द पहचान कर परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि यह पहल औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का एक प्रभावी मॉडल बन सके।
Comments (0)