ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इस्राइली हमले में मौत की खबर के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सीएम योगी ने दिए सख्ती के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों को दोबारा अलर्ट जारी किया गया।
शिया बाहुल्य इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल
एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, शिया बहुल क्षेत्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। त्योहारों और संवेदनशील मौकों पर अराजकतत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ में प्रदर्शन
लखनऊ में शिया समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए। छोटा इमामबाड़ा के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं भी भावुक नजर आईं। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
धार्मिक नेताओं की प्रतिक्रिया
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि एक स्वतंत्र देश पर हमला निंदनीय है। वहीं शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नक़वी ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रदेश सरकार ने साफ किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने या हिंसक प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और खुफिया एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही हैं ताकि किसी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री को रोका जा सके।
Comments (0)