लखनऊ - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में बीते वर्षों में हुए बदलावों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पहले जहां प्रदेश पहचान और बुनियादी सुविधाओं के संकट से जूझ रहा था, वहीं अब सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
कमर्शियल वाहन यूनिट को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के साथ टाटा मोटर्स प्लांट में बने 10 लाख वें कमर्शियल वाहन यूनिट को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ भी मौजूद रहे।
अब प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 8-9 साल पहले उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी कमजोर थी, कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी और निवेशकों में डर का माहौल था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंफ्रास्ट्रक्चर का मजबूत मॉडल विकसित हुआ है।
600 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि जल्द ही करीब 600 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। उनके अनुसार, इस एक्सप्रेसवे के पूरा होने के बाद देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 60% तक पहुंच जाएगी।