इंदौर/जानापाव। डॉ. मोहन यादव आज दोपहर 12:45 बजे जानापाव में आयोजित ‘परशुराम प्रकटोत्सव’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महाभारतकालीन अस्त्र-शस्त्रों और चक्रव्यूह कला पर आधारित एक अनूठी प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे, जो प्राचीन भारतीय युद्ध कौशल और संस्कृति को दर्शाएगी।
17.41 करोड़ से बनेगा भव्य श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक
जानापाव में 17.41 करोड़ रुपये की लागत से श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक विकसित किया जाएगा। यह स्थल भगवान परशुराम और श्रीकृष्ण के जीवन, दर्शन और संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनेगा।
भक्ति, कला और संस्कृति का संगम
संस्कृति विभाग और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। प्रसिद्ध गायक सवाई भट्ट और उनकी टीम द्वारा भक्ति गायन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही ‘परशुराम नाट्य लीला’ का भव्य मंचन भी किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
परियोजना के तहत भगवान श्रीपरशुराम और श्रीकृष्ण की कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। साथ ही 30 फीट ऊंचा भव्य प्रवेश द्वार, कथा मंच, गजीबो, व्यू पॉइंट, लैंडस्केपिंग और पाथ-वे जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पांच दीर्घाओं वाला संग्रहालय
यहां एक भव्य संग्रहालय भी बनेगा, जिसमें शस्त्र दीर्घा, उत्पत्ति दीर्घा, स्वरूप दीर्घा, संतुलन दीर्घा और ध्यान दीर्घा शामिल होंगी। इन दीर्घाओं में भगवान श्रीकृष्ण और परशुराम से जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा।