कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (प्रवर्तन निदेशालय) ने रविवार सुबह कोलकाता के कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में ममता बनर्जी के करीबी और कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा के आवास को भी शामिल किया गया।
बालीगंज में डीसी के घर छापा
ईडी की टीम सुबह करीब 7 बजे बालीगंज के फर्न रोड स्थित शांतनु सिन्हा के घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई कथित ‘सोना पप्पू सिंडिकेट’ केस से जुड़ी है।
बेहाला में कारोबारी के ठिकाने पर भी रेड
ईडी ने बेहाला स्थित सन एंटरप्राइज के एमडी जॉय कामदार के घर पर भी छापा मारा। बताया जा रहा है कि वे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं और उनका नाम पहले भी इस मामले में सामने आ चुका है।
नकदी बरामद, पूछताछ से बचते रहे कारोबारी
सूत्रों के मुताबिक, बेहाला स्थित घर से नकदी बरामद हुई है। ईडी ने जॉय कामदार को पहले दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
दरवाजा खोलने में हुई देरी
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम को घर में प्रवेश करने में देरी हुई। कई बार दस्तक देने के बाद ही टीम को अंदर जाने की अनुमति मिली।
मुख्य आरोपी अब भी फरार
इस मामले का मुख्य आरोपी सोना पप्पू उर्फ बिस्वजीत पोद्दार अब तक गिरफ्त से बाहर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सार्वजनिक रूप से नजर आने के बावजूद वह पुलिस की पकड़ से दूर है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले भी ईडी इस मामले में एक आईपीएस अधिकारी से पूछताछ कर चुकी है। साथ ही, शिक्षक भर्ती घोटाले और अन्य मामलों में कई ठिकानों पर छापेमारी हो चुकी है।
चुनाव से पहले तेज हुई जांच
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। चुनाव से पहले एजेंसियों की सक्रियता से सियासी माहौल गर्म हो गया है।