उत्तरप्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच पूरे देश में बांदा को तीसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया है। शनिवार को यहां का तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं प्रदेश के 26 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है। आज पूर्वी यूपी के बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज और आसपास के इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।
अगले 48 घंटे में और बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 48 घंटों में ज्यादातर जिलों का तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अधिकतम तापमान 45°C के पार जा सकता है। साथ ही शुष्क पछुआ हवाएं चलने से लू जैसे हालात बनेंगे। महाराष्ट्र के आसपास बने एंटी-साइक्लोन के प्रभाव से अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चल सकती है।
यूपी में 3 दिन का लू अलर्ट
19 अप्रैल: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्र।
20 अप्रैल: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर और आसपास के क्षेत्र।
21 अप्रैल: बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर और आसपास के क्षेत्र।