लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार ने भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य में 34 हजार मेगावॉट तक बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है, ताकि गर्मियों में लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। प्रदेश में बढ़ती बिजली की मांग, खासकर पीक ऑवर के दौरान खपत को देखते हुए ऊर्जा विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी स्थिति में बिजली कटौती की समस्या न आने पाए।
थर्मल पावर प्लांट यूनिट्स को शुरू कर दिया गया
इसके साथ ही सभी नए थर्मल पावर प्लांट यूनिट्स को भी शुरू कर दिया गया है, जिससे बिजली उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी हुई है। घाटमपुर थर्मल पावर प्लांट की तीसरी यूनिट को भी 30 अप्रैल तक चालू करने की तैयारी की जा रही है। ऊर्जा विभाग के अनुसार, यह कदम गर्मी के मौसम में बढ़ती मांग को पूरा करने और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के उद्देश्य से उठाया गया है। सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और अधिक मजबूत होगी।