उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रांजिट कैंप में व्यवस्थाओं का निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रा को सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। सीएम धामी ने विशेष रूप से यात्री सुविधाओं सुरक्षा व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात प्रबंधन पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव मिल सके।
19 अप्रैल से यात्रा शुरू
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से पवित्र अक्षय तृतीया के अवसर पर शुरू हो रही है। इसी दिन यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही आगामी दिनों में केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट भी निर्धारित तिथियों पर खोले जाएंगे। सरकार और प्रशासन का कहना है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। डिजिटल रजिस्ट्रेशन ट्रैफिक मैनेजमेंट हेल्थ सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।