भोपाल। विश्व विरासत दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार ने पर्यटकों और आम जनता को खास तोहफा दिया है। राज्य के सभी प्रमुख संग्रहालयों और ऐतिहासिक स्मारकों में आज प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इस फैसले के चलते लोग बिना किसी टिकट के प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों का आनंद ले सकेंगे। प्रदेश में खजुराहो के मंदिर, सांची स्तूप, भीमबेटका शैलाश्रय समेत कई विश्व प्रसिद्ध धरोहर स्थल पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे। इस पहल का उद्देश्य लोगों को इतिहास और विरासत से जोड़ना तथा पर्यटन को बढ़ावा देना है।
स्मारक एवं संग्रहालय आम जनता के लिए पूरे दिन खुले रहेंगे
प्रशासन के अनुसार, यह विशेष सुविधा केवल आज के दिन के लिए लागू है और सभी संरक्षित स्मारक एवं संग्रहालय आम जनता के लिए पूरे दिन खुले रहेंगे। इस कदम से न सिर्फ घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं को भी मध्यप्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।