नई दिल्ली। देश के अधिकांश राज्यों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ जहां भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
बांदा बना सबसे गर्म, 45.4°C पहुंचा पारा
उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को 45.4°C तापमान दर्ज किया गया, जो इस सीजन में अब तक देश ही नहीं, एशिया में भी सबसे ज्यादा माना जा रहा है। यह सामान्य से करीब 4.9°C अधिक है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले यही जिला सबसे ठंडा भी रहा था।
कई राज्यों में लू का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में अगले 4 दिनों तक लू चलने की संभावना है।
कुछ राज्यों में बारिश से राहत
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन तापमान अब भी 40°C के पार बना हुआ है।
यूपी के कई शहरों में हीटवेव
प्रदेश के 16 जिलों में तापमान 40°C से ऊपर रहा, जिससे लू की स्थिति बनी रही। प्रयागराज और वाराणसी समेत करीब 50 शहर भीषण गर्मी की चपेट में हैं।
स्कूलों पर असर, छुट्टियां और टाइमिंग में बदलाव
मध्य प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है। वहीं ओडिशा के बोलांगीर, सुबर्णपुर और कालाहांडी में 21 अप्रैल तक स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।
13 राज्यों में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी है।
वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। नाथुला में हाल ही में बर्फबारी दर्ज की गई।
मौसम में उतार-चढ़ाव जारी
दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के कारण उमस बढ़ सकती है। तिरुमाला में शनिवार सुबह मौसम अचानक बदला और कोहरा छा गया।