कोलकाता। पश्चिम बंगाल के चुनावी परिदृश्य में आज सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा खासा अहम माना जा रहा है। भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में वे एक ही दिन में कई जिलों में कार्यक्रम कर चुनावी माहौल को धार देंगे।
कूच बिहार में पहली जनसभा
निर्धारित कार्यक्रम के तहत योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजे कूच बिहार के माथाभांगा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। यहां वे भाजपा प्रत्याशी निशीथ प्रमाणिक के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस सीट पर पार्टी खास फोकस कर रही है।
जलपाईगुड़ी में दूसरी रैली
इसके बाद योगी जलपाईगुड़ी के धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 1:20 बजे जनसभा करेंगे। इस क्षेत्र में भाजपा अपने पहले से बने आधार को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
बांकुरा में रोड शो
दिन के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री शाम 4:15 बजे बांकुरा पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा प्रत्याशी नीलाद्री शेखर दाना के समर्थन में रोड शो करेंगे। जंगलमहल क्षेत्र में इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
जनसभाओं में उमड़ रही भीड़
योगी आदित्यनाथ की सभाओं में हाल के दिनों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लोग सभा शुरू होने से पहले ही पहुंचकर अपनी जगह बना लेते हैं और अंत तक डटे रहते हैं। इसे भाजपा के बढ़ते जनाधार और कार्यकर्ताओं के बढ़ते उत्साह के रूप में देखा जा रहा है।