आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में मयूर दीक्षित और नवनीत भुल्लर ने उत्तराखंड के नारसन बॉर्डर का संयुक्त निरीक्षण किया।
ग्रीन कार्ड सेंटर का जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नारसन बॉर्डर पर बनाए गए ग्रीन कार्ड सेंटर का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने वहां तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारु और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने एनएचएआई राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि हाइवे पर स्ट्रीट लाइट साइन बोर्ड और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाए ताकि यात्रियों को रात के समय भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्लान
वहीं एसएसपी नवनीत भुल्लर ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट प्लान तैयार किया गया है। पुलिस बल की तैनाती यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस बार यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।