उत्तरप्रदेश में आगामी कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस बैठक में यूपी बीजेपी संगठन की स्थिति और राज्य के राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और उसमें शामिल किए जा सकने वाले नामों को लेकर शुरुआती विचार-विमर्श भी किया गया।
इससे पहले पंकज चौधरी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। इस बैठक को भी काफी अहम माना जा रहा है। इसी दिन उन्होंने प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ भी महत्वपूर्ण चर्चा की थी। लगातार हो रही इन बैठकों ने प्रदेश की राजनीति में हलचल और बढ़ा दी है।
विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा तेज
उत्तरप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार और संगठन दोनों स्तर पर बदलाव और विस्तार की संभावनाएं जताई जा रही हैं। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में नए चेहरों को जगह दी जा सकती है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों की भूमिका में बदलाव भी संभव है।सूत्रों के अनुसार यह बदलाव क्षेत्रीय संतुलन और चुनावी रणनीति को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।
बीजेपी की नई टीम पर भी काम जारी
2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी संगठन को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। पार्टी की नई टीम तैयार करने की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। संगठन और सरकार दोनों के प्रदर्शन का आंकलन किया जा रहा है और उसी आधार पर आगे की रणनीति बनाई जा रही है।