भोपाल।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ऐतिहासिक शहर चंदेरी का के लिए पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत करेंगे, जो चंदेरी और ओरछा को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ती है। यह सेवा 12 फरवरी से शुरू होने वाली थी, लेकिन कुछ कारणों से टाल दी गई थी। अब इसे 19 अप्रैल से लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 9.30 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर से इसका शुभारंभ करेंगे और हेलीकॉप्टर को चंदेरी और ओरछा के लिए फ्लैग ऑफ करेंगे।
चंदेरी: बॉलीवुड की नई पहचान
चंदेरी अब सिर्फ अपनी ऐतिहासिक साड़ियों के लिए ही नहीं बल्कि बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए भी प्रसिद्ध हो चुका है। बड़े शहरों और विदेशों से कलाकार और पर्यटक यहां आते हैं। अब तक यहां पहुंचने के दो ही मुख्य मार्ग थे एक ट्रेन मार्ग जो ललितपुर, यूपी के जरिए जुड़ा था और दूसरा सड़क मार्ग था। पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा से आने वाले पर्यटकों और कलाकारों के लिए यात्रा और भी आसान हो जाएगी।
पर्यटन और रोजगार में वृद्धि
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अनुसार इस सेवा के शुरू होने से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इसका सीधा असर स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। चंदेरी और ओरछा, दोनों ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। अब ये शहर पर्यटन और फिल्म शूटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा से चंदेरी और ओरछा के लिए यात्रा तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। साथ ही, यह स्थानीय रोजगार और पर्यटन को भी मजबूती देगी।