जगदलपुर में आज परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कुल 5720 अभ्यर्थी अपने भविष्य को संवारने के लिए परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली।
कई छात्र दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से रात में ही जगदलपुर पहुंच गए थे ताकि समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। युवाओं के चेहरों पर जहां एक ओर उत्साह और उम्मीद दिखाई दे रही है, वहीं हल्की घबराहट भी साफ नजर आ रही है।
21 परीक्षा केंद्रों पर सख्त व्यवस्था
बस्तर जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित इस परीक्षा में प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।केंद्रों पर बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि भीड़भाड़ न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। हर केंद्र पर पर्यवेक्षक और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
समय से पहले पहुंचना अनिवार्य, देर से प्रवेश नहीं मिलेगा
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कई अभ्यर्थियों ने बताया कि वे समय से पहले पहुंच गए थे ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। यह सख्ती परीक्षा की पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए लागू की गई है।