सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के दिन विपक्ष ने महिलाओं की अपेक्षाओं पर पानी फेर दिया और उस दिन को “काला दिन” बना दिया। उन्होंने दावा किया कि इस फैसले के विरोध में देशभर की महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में वोट की ताकत से विपक्ष को जवाब देंगी।
‘देश की चार जातियां’ वाला बयान दोहराया
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में चार ही जातियां हैं—नारी, युवा, गरीब और किसान। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवाद के नाम पर देश को लूटने वालों के लिए यह सोच एक चुनौती बन गई है, इसलिए विपक्षी दलों ने प्रगतिशील कदमों का विरोध किया।
विपक्ष पर महिला विरोधी रवैये का आरोप
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, आरजेडी, टीएमसी और डीएमके जैसे दलों के रुख से आधी आबादी में गहरा आक्रोश है। सीएम योगी के अनुसार ये दल सुधारवादी कदमों में बाधा डालते हैं और महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े नजर आते हैं।
संसद में ‘द्रौपदी के चीरहरण’ जैसा दृश्य बताया
सीएम योगी ने कहा कि संसद के विशेष सत्र के दौरान विपक्ष का व्यवहार “द्रौपदी के चीरहरण जैसा दृश्य” था। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ये दल संविधान की दुहाई देते हैं लेकिन बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की भावना के विपरीत काम करते हैं।
कांग्रेस पर ऐतिहासिक फैसलों के विरोध का आरोप
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने नारी, युवा, किसान और गरीब के हित में कोई बड़ा काम नहीं किया। उन्होंने शाह बानो प्रकरण और ट्रिपल तलाक कानून का जिक्र करते हुए कहा कि इन फैसलों का भी विपक्ष ने विरोध किया था।