नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के दतिया से जुड़े चर्चित बैंक घोटाला मामले में पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता राजेन्द्र भारती केस की सुनवाई आगे बढ़ गई है। दिल्ली हाईकोर्ट में 15 अप्रैल की सुनवाई को आगे बढ़ा दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को होगी। कोर्ट ने इस दौरान राज्य सरकार और शिकायतकर्ता पक्ष को अगली तारीख पर उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए हैं। मामले पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इस फैसले का सीधा असर राजेन्द्र भारती के राजनीतिक भविष्य और उनकी विधानसभा सदस्यता की संभावनाओं पर पड़ सकता है।
सजा के बाद बढ़ी थी सियासी हलचल
गौरतलब है कि दतिया ज़िला सहकारी कृषि ग्रामीण विकास बैंक भ्रष्टाचार मामले में एमपी एमएलए कोर्ट ने राजेन्द्र भारती को दोषी करार देते हुए तीन साल की सजा सुनाई थी। सजा सुनाए जाने के कुछ ही घंटों बाद मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता शून्य घोषित कर दी थी।इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में तेज हलचल देखने को मिली थी और यह मामला बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया था।
अब 28 अप्रैल पर टिकी निगाहें
अपनी सजा और सदस्यता समाप्त किए जाने के फैसले को चुनौती देते हुए राजेन्द्र भारती ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। अब 28 अप्रैल को होने वाली सुनवाई में क्या फैसला आता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। यह सुनवाई न सिर्फ कानूनी दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे प्रदेश की सियासत में भी बड़ा असर पड़ सकता है।