उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 के उद्घाटन मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह साफ कर दिया कि राज्य में अपराध के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर फायरिंग करेगा तो पुलिस भी गोली का जवाब गोली से देगी, क्योंकि हथियार चलाने की ट्रेनिंग इसी उद्देश्य से दी जाती है। यह वक्तव्य सिर्फ संदेश नहीं बल्कि यूपी की बदलती प्रशासनिक संस्कृति का संकेत है, जिसने संगठित अपराध, रंगदारी और आतंक के ढांचे को बीते वर्षों में निर्णायक तरीके से तोड़ा है।
2017 से पहले का यूपी और मौजूदा बदलाव
मुख्यमंत्री ने विपक्षी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले यूपी में अपहरण, फिरौती, माफियातंत्र और ‘गुंडा टैक्स’ जैसी प्रवृत्तियाँ व्यापारी से लेकर आम नागरिक तक सभी को भयभीत कर देती थीं। कई लोग सिर्फ सुरक्षा के अभाव में घर छोड़कर मजबूरन पलायन कर रहे थे। योगी सरकार के आने के बाद व्यवस्था में तेजी से सुधार हुआ है, जिससे राज्य एक सुरक्षित निवेश गंतव्य के रूप में उभरा है।
ट्रस्ट, ट्रांसफॉर्मेशन और टाइमली डिलिवरी का मॉडल
सीएम योगी ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि निवेशकों के लिए भरोसे की गारंटी है। यूपी ने डीरेगुलेशन रैंकिंग में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में टॉप अचीवर बनकर उभरा है। योगी सरकार ने निवेशकों को SSS यानी सेफ्टी, स्टेबिलिटी और स्पीड की गारंटी देते हुए सिंगल विंडो सिस्टम में सभी क्लियरेंस और सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
उद्योग क्रांति: बीडा, ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क
मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड में 56,000 एकड़ में बनने वाली बीडा (बुंदेलखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी) को गेम-चेंजर बताया, जिसका विकास दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। ललितपुर में बल्क ड्रग फार्मा पार्क को हब एंड स्पोक मॉडल पर विकसित किया जा रहा है, जबकि गौतम बुद्ध नगर में मेडिकल डिवाइस पार्क, यूएस एफडीए टेस्टिंग लैब और वर्ल्ड-क्लास लॉजिस्टिक्स हब तैयार किए जा रहे हैं। लखनऊ में विश्वस्तरीय फार्मा इंस्टीट्यूट की स्थापना उत्तर प्रदेश को फार्मा सेक्टर में नई उंचाइयाँ दिलाएगी।
नया भारत: नीतियों पर दृढ़ और वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली
अमेरिका द्वारा टैरिफ में कमी की पृष्ठभूमि पर सीएम योगी ने कहा कि आज भारत किसी के आगे झुकने वाला देश नहीं, बल्कि अपनी नीतियों पर दृढ़ रहकर विश्व-शक्तियों को संवाद और सहयोग के लिए विवश करने वाला राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, परंतु आज वही भारत वैश्विक आर्थिक एवं सामरिक मंचों पर निर्णायक भूमिका निभा रहा है।
यूपी बनेगा फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने कॉन्क्लेव में वर्चुअली जुड़ते हुए कहा कि ललितपुर में बल्क ड्रग पार्क, यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मेडिकल डिवाइस पार्क और फार्मास्यूटिकल नीति मिलकर उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाएँगे। यह विकास न सिर्फ उद्योग जगत के लिए लाभकारी होगा, बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर भी पैदा करेगा।
Comments (0)