उत्तरप्रदेश के पश्चिमी इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। कोहरे और ठंड के बीच शनिवार की देर रात से पश्चिमी यूपी, दिल्ली एनसीआर और उत्तराखंड से सटे तराई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो गया।पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बारिश रविवार को दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बागपत में सर्वाधिक 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बिजनौर में 16 मिमी और मुरादाबाद में 15 मिमी बारिश हुई। विभाग का कहना है कि सोमवार और मंगलवार को यह बारिश प्रदेश के बाकी हिस्सों, मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड में भी फैल सकती है।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि की सूचना
कई जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरने की भी सूचना मिली। बरेली, प्रयागराज और कानपुर में सुबह कोहरे के कारण दृश्यता शून्य रही।
अचानक मौसम बदलने से इन इलाकों में दिन का तापमान घट गया है और ठंड और नमी का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए पश्चिमी यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक और ओलावृष्टि तथा 16 जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे रफ्तार वाली झोंकेदार हवाओं की चेतावनी जारी की है। राजधानी लखनऊ में भी दो दिन छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।
ओलावृष्टि के लिए चेतावनी
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और आसपास के जिलों में ओले गिरने का खतरा है। इसके अलावा कई जिलों में सामान्य बारिश का अलर्ट भी जारी है।सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी और आसपास के जिलों में तेज हवाओं का खतरा है।
बिजली गिरने का अलर्ट
बांदा, फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी है।
Comments (0)