देश के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में एक बार फिर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बिगड़ा हुआ है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।
मध्य प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर सहित 28 जिलों में आज और कल बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें श्योपुर, मुरैना, नर्मदापुरम, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना और पन्ना जैसे जिले शामिल हैं। बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है और ठंड में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में ओले और तेज हवाओं की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, लगभग 50 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है, वहीं आम जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से हालात बिगड़े
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। कुल्लू, किन्नौर, चंबा, लाहौल-स्पीति और शिमला में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। कई नेशनल हाईवे पर बर्फ जमने से यातायात बाधित हो गया है और सैकड़ों पर्यटक विभिन्न इलाकों में फंसे हुए हैं।
जम्मू-कश्मीर में बर्फ की सफेद चादर
जम्मू-कश्मीर के अधिकांश इलाकों में सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। श्रीनगर से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को आज के लिए रद्द कर दिया गया है। गुलमर्ग घाटी में तापमान माइनस 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
तापमान में गिरावट और सतर्कता की जरूरत
बारिश, तेज हवाओं और बर्फबारी के चलते उत्तर और मध्य भारत में ठंड और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की अपील की है। आने वाले दिनों में मौसम की यह सक्रियता जनजीवन और यातायात दोनों पर असर डाल सकती है।
Comments (0)