गाजियाबाद में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। कार्यक्रम नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित है, जहां मुख्यमंत्री संघ पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक ट्रैफिक प्लान लागू
डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्यक्रम स्थल और जुड़े मार्गों पर विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा और भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।
काफिले के पूरे मार्ग पर निगरानी
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से नेहरू नगर स्थित कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। बैठक के बाद उनका काफिला पुलिस लाइन पहुंचेगा और वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना होगा। पूरे रूट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
इन मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद
ट्रैफिक प्लान के तहत आत्माराम स्टील से डायमंड तिराहा होते हुए हापुड़ चुंगी की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लोहामंडी से विवेकानंद मार्ग के जरिए हापुड़ चुंगी जाने वाले ट्रकों को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एएलटी चौराहे से हापुड़ चुंगी और राजनगर एक्सटेंशन की दिशा में जाने वाले भारी वाहनों पर रोक रहेगी। नागद्वार से राजनगर एक्सटेंशन की ओर जाने वाले ट्रक और बड़े वाहन भी प्रतिबंधित रहेंगे।
Comments (0)