दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में रविवार रात उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब मेन गेट इलाके में पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता गोलाम रसूल के खिलाफ बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भ्रष्टाचार और इलाके में आतंक फैलाने के आरोपों को लेकर शुरू हुआ यह विरोध देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और कॉम्बैट फोर्स को मौके पर पहुंचना पड़ा।
मेन गेट इलाके में पूर्व TMC नेता के खिलाफ प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गोलाम रसूल पर तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में इलाके में अपना दबदबा कायम रखने का आरोप लगाया। बीजेपी का दावा है कि उस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उन्हें डराकर इलाका छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। इन्हीं आरोपों को लेकर रविवार रात गोलाम रसूल को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान मारपीट का आरोप, बढ़ा तनाव
प्रदर्शन के बीच स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब आरोप है कि आक्रोशित बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक गोलाम रसूल पर टूट पड़े। घटना के बाद दुर्गापुर के मेन गेट इलाके में तनाव फैल गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और हालात बिगड़ने की आशंका बढ़ गई।
भारी पुलिस बल और कॉम्बैट फोर्स ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की भारी पुलिस फोर्स और कॉम्बैट फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद गोलाम रसूल और उनके परिवार के सदस्यों को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर दूसरी जगह पहुंचाया गया।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच इलाके में तनाव
इस घटना ने दुर्गापुर के मेन गेट इलाके में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। बीजेपी की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया है।