मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बीते दिन दिए PFI वाले बयान पर बीजेपी हमलावर है। अब इसी बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि, मेरे जवाब को ग़लत तरीक़े से quote किया जा रहा है, जोकि मैंने नहीं कहा है। उन्होंने सफाई देते हुए आगे कहा कि, सांप्रदायिकता भड़काने वाले संगठन PFI का मैंने कभी समर्थन नहीं किया है।
PFI वाले बयान पर दिग्विजय की सफाई
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सोशल साइट X पर (ट्वीट) कर सफाई देते हुए लिखा कि, मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है, जो मैंने नहीं कहा उसे गलत तरह से quote किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, सांप्रदायिकता भड़काने वाले संगठन PFI का मैंने कभी समर्थन नहीं किया। मैं धर्म के नाम से सांप्रदायिकता फैलाने वाले व्यक्ति/ संगठन के खिलाफ हूँ और सदैव रहूँगा।
यह है दिग्विजय सिंह का विवादित बयान
आपको बता दें कि, बुधवार को कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि, यदि पीएफआई के ऊपर आरोप है तो 10 छापे मारे, हमें आपत्ति नहीं है, लेकिन देखने में आ रहा है कि, इन्होंने जितनी भी छापेमारी की है, उनमें 97 प्रतिशत में आरोप झूठे पाए गए है। वहीं इस बयान को लेकर दिग्विजय सिंह बीजेपी के निशाने पर आ गए।
क्या यही कांग्रेस का स्टैंड है - सीएम शिवराज सिंह
वहीं दिग्विजय सिंह के PFI वाले बयान पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आज प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश आ रही हैं वो जवाब दें। आपकी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। पीएफआई पर कार्रवाई होती है, तो दिग्विजय सिंह विरोध करते हैं। क्या यही कांग्रेस का स्टैंड है।
Comments (0)