मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उत्तरप्रदेश की पावन नगरी मथुरा में माँ यमुना की सपरिवार पूजा-अर्चना की। सीएम ने यमुना जी के तट पर सपत्नीक दीपदान भी किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि, भगवान श्रीकृष्ण की नगरी होने से मथुरा की विशिष्ट पहचान है। अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, उज्जैन, हरिद्वार, कांचीपुरम और द्वारका अनादि काल से अस्तित्व में रहे हैं, ये मोक्ष प्रदाय करने वाले नगर हैं। सीएम ने आगे कहा कि, भगवान श्रीकृष्ण की जन्म स्थली और हमारे आचार्य महामंडलेश्वर बड़ा उदासीन गुरू शरणानंद जी के आश्रम में आने का मुझे सौभाग्य मिला है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, सनातन संस्कृति की धारा में भगवान श्री राम और भगवान श्री कृष्ण अद्भुत, चमत्कारी होकर प्रत्येक सनातनी के लिये पूज्यनीय और वंदनीय हैं।