मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता राजा पटेरिया का एक विवादित बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। राजा पटेरिया ने कहा कि यदि संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने को तत्पर रहो। राजा पटेरिया के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए आपत्तिजनक बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ी आपत्ति जताई है। शिवराज ने सीधे शब्दों में कहा है कि इस तरह के बयान को किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा।
सीएम शिवराज ने दी प्रतिक्रिया
पटेरिया के विवादित बयान पर सीएम शिवराज ने राहुल की भारत जोड़ो यात्रा को एक ढोंग बताया। सीएम ने कहा कि “भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग करने वाले लोगों की सच्चाई सामने आ रही है। पीएम मोदी जी जनता के दिलों में बसते हैं, वह संपूर्ण देश की श्रद्धा और आस्था का केंद्र हैं, कांग्रेस और कांग्रेस के लोग मैदान में उनसे मुकाबला नहीं कर सकते। इसलिए कांग्रेस के नेता मोदी जी की हत्या की बात कर रहे हैं। उनका ये बयान विद्वेष की पराकाष्ठा है, घृणा की अति है , इन बयानों से कांग्रेस का असली रुप दिख रहा है। लेकिन ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। FIR की जा रही है और अब आगे कानून अपना काम करेगा।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिया बयान
वहीं कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया के बयान पर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी बड़ा बयान दिया है। गृह मंत्री ने कहा कि पटेरिया के बयानों को मैंने सुना, उससे स्पष्ट होता है कि यह महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं है। इटली की कांग्रेस है और इटली की मानसिकता मुसोलिनी की है। राहुल गांधी की यात्रा में स्वरा भास्कर, कन्हैया कुमार,सुशांत चल रहे है। आगे कहा- एसपी को तत्काल FIR करवाने का निर्देश दे रहा हूं।
ये भी पढ़े-धर्मांतरण विरोधी कानून को लेकर सीएम शिवराज ने दिया बयान
राजा पटेरिया ने कहा
बता दें कि इस विवाविद वीडियो में राजा पटेरिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं और इसी दौरान वो कहते हैं कि यदि संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तैयार रहो। हालांकि इसके बाद राजा पटेरिया अपने शब्दों को संभालते सफाई दी है। कहा कि मैं गांधी को मानने वाला, जो हत्या की बात नहीं करेगा। आगे कहा कि गलत तरीके से मेरे बयान को पेश किया गया। मैंने प्रधानमंत्री मोदी को राजनीतिक क्षेत्र में पराजित करने की बात कही है।
Comments (0)