Lucknow | उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्र, विजयादशमी और छठ महापर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र से लेकर छठ पर्व तक वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में रहें और जनता से सीधा संवाद कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने शासन और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
24 घंटे में शिकायतों के समाधान के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम 24 घंटे के भीतर संतोषजनक जवाब दिया जाए। थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। महिलाओं को जरूरत के अनुसार सहायता, परामर्श और कानूनी सहयोग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
प्रमुख मंदिरों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा
मुख्यमंत्री ने विंध्याचल धाम, देवीपाटन शक्तिपीठ, मां शाकुंभरी देवी मंदिर और मां ललिता देवी शक्तिपीठ सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इन धार्मिक स्थलों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्टंटबाजी और छेड़छाड़ पर सख्ती
त्योहारों के दौरान स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्रवाई को भी तेज करने को कहा गया है। शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, जाम की स्थिति रोकने, पर्याप्त रोशनी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, नाव, गोताखोर और जल पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विसर्जन मार्गों पर एंबुलेंस और दमकल की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख स्थलों की सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक या संवेदनशील गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। परिवहन विभाग को त्योहारों के दौरान जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित करने और बस स्टेशनों पर साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं।
11 अक्टूबर से छठ तक फील्ड में रहेंगे वरिष्ठ अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र, 20 अक्टूबर को विजयादशमी और इसके बाद छठ महापर्व तक वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में गश्त करें। सरकार का जोर त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, महिलाओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।