Dewas | शारदीय नवरात्र के दौरान माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए माता टेकरी पर दो होल्डअप एरिया तैयार किए गए हैं। पहला होल्डअप एरिया शंख द्वार के नीचे और दूसरा जैन मंदिर के पास बनाया गया है। इन होल्डअप एरिया में श्रद्धालुओं को कम से कम समय तक रोककर कतार को लगातार आगे बढ़ाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम भवन के पास पार्किंग स्थल भी चिन्हित किया गया है।
अधिकारियों ने माता टेकरी पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नवरात्र की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता और डीआईजी नवनीत भसीन माता टेकरी पहुंचे। अधिकारियों ने बड़ी माता मंदिर, छोटी माता मंदिर और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।इस दौरान दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
तीन स्तरों पर होगा भीड़ प्रबंधन
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अधिकारियों को नवरात्र की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दर्शन व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग की गई है और भीड़ नियंत्रण के लिए तीन स्तरों पर योजना तैयार की गई है। घटस्थापना के साथ सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए अतिरिक्त वालंटियर्स और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परिसर में निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
पैदल मार्ग पर टेंट और कारपेट की व्यवस्था
श्रद्धालुओं को धूप से राहत देने के लिए पैदल मार्ग पर टेंट लगाए जा रहे हैं। जमीन पर कारपेट बिछाने की भी व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। संभागायुक्त ने प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पेयजल, छाया और आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था पर भी फोकस
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने माता टेकरी क्षेत्र में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जानकारी दी। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए नगर निगम की टीम को व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान एडीएम शोभाराम सोलंकी, एएसपी गजेंद्र वर्धमान, एसडीएम अभिषेक शर्मा और सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे होगी निगरानी
माता टेकरी की सुरक्षा और निगरानी के लिए देव स्थान प्रबंध समिति के साथ पुलिस ने भी अलग से सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों का फीड माता टेकरी स्थित कंट्रोल रूम और कार्यालय के साथ पुलिस कंट्रोल रूम तथा कोतवाली थाने में भी उपलब्ध कराया गया है। इस व्यवस्था के जरिए अधिकारी कोतवाली, पुलिस कंट्रोल रूम या माता टेकरी से पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रख सकेंगे। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। माता टेकरी स्थित कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इससे नवरात्र के दौरान भीड़, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने में मदद मिलेगी।