Ujjain: देशभर में महाशिवरात्रि (Mahashivratri 2023) का त्यौहार बड़ी ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरे दिन शिव मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। हर-हर महादेव और जय शिवशंकर के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। आपको बता दें कि महाशिवरात्रि के अवसर पर उज्जैन के राम घाट पर आयोजित “शिव ज्योति अर्पणम 2023” नाम के कार्यक्रम में 18 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाकार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।
घाट पर हुआ लेजर और फायर शो
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर राम घाट पर लेजर, लाइट और फायर शो का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उज्जैन पहुंचे। इसके बाद हूटर बजते ही सभी दीपक प्रज्वलित कर दिए गए। कीर्तिमान के लिए दीपों की गिनती की गई।
10 मिनट में किए सारे दीप प्रज्जवलित
22 हजार वॉलंटियर्स ने 10 मिनट में इस कारनामे को कर दिखाया। पिछले साल अयोध्या में 15.76 लाख दीये जलाए गए थे। वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट मिलते ही आतिशबाजी की गई। इसकी तैयारी एक साल पहले शुरू की गई थी।

52 हजार लीटर तेल, 25 लाख रुई की बत्ती, 600 किलो कपूर
जानकारी के अनुसार दीये (Mahashivratri 2023) जलाने में तीन तरह के तेल (सरसों, सोयाबीन और कपास) के 52 हजार लीटर, 25 लाख रुई की बाती, 600 किलो कपूर और 4 हजार माचिस लगी। शुक्रवार को दिनभर नदी के सभी घाटों पर दीप सजाए गए। दूसरे दिन यानी शनिवार सुबह सभी दीपों में तेल और रुई की बाती डाली गई।
21 लाख दीयों का था टारगेट
उज्जैन में महाशिवरात्रि पर उज्जैन में दीपावली जैसा नजारा दिखा। यहां शाम को 'शिव ज्योति अर्पणम्' के तहत शिप्रा नदी के तट पर एक साथ 18 लाख 82 हजार 229 दीये जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने सीएम शिवराज को सर्टिफिकेट सौंपा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ दीये जलाने की शुरुआत की। इसके बाद सभी वॉलंटियर्स ने दीप जलाना शुरू कर दिया। टारगेट 21 लाख दीयों का था।
Comments (0)