देश आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लाए। विकसित भारत का संकल्प और मजबूत हो, यही मेरी कामना है।” प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व हमें राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
थीम ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर आधारित है
77वें गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर आधारित है। इसकी अगुवाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि होंगे। मुख्य कार्यक्रम कर्तव्य पथ पर आयोजित होगा, जिसमें भारत की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विविधता और सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा। इस परेड में नई सैन्य इकाइयों और ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल किए गए हथियारों के मॉडल भी दिखाए जाएंगे।
90 मिनट तक चलेगा कार्यक्रम
समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने से होगी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्य अतिथि राष्ट्रपति के अंगरक्षकों की सुरक्षा में पारंपरिक बग्घी द्वारा कर्तव्य पथ पहुंचेंगे। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और लगभग 90 मिनट तक चलेगा।
Comments (0)