हर साल वैशाख महीने की पूर्णिमा तिथि को बुद्ध पूर्णिमा मनाई जाती है। बौद्ध धर्म में यह दिन विशेष माना जाता है। माना जाता है कि, इस दिन ही भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था। साथ ही यह भी मान्यता है कि, इस तिथि पर ही भगवान बुद्ध को बोध गया के बोध वृक्ष के नीचे ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन ही उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुद्ध को महानिर्वाण प्राप्त हुआ था। इस दिन स्नान दान का बड़ा महत्व है।
बुद्ध पूर्णिमा तिथि और मुहूर्त 2025
पंचांग के अनुसार, वैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि का शुभारंभ 11 मई रात 8 बजकर 1 मिनट पर होगा, जिसका समापन 12 मई रात 10 बजकर 25 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा 12 मई को मनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने बुद्ध पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 12 मई को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सभी बौद्ध धर्मावलम्बियों सहित प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। अपने शुभकामना संदेश में सीएम साय ने कहा है कि, महात्मा बुद्ध ने लोगों को अहिंसा, समानता और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया। उनकी शिक्षा को विदेशों में भी लोगों ने अपनाया और लाखों अनुयायी उनके दिखाये मार्ग पर चलकर देश-दुनिया को शांति का संदेश दे रहे हैं।
अपने शुभकामनाएं भरे संदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आगे कहा कि, गौतम बुद्ध के उपदेश हर परिस्थिति और काल में प्रासंगिक हैं। उनकी दी गई शिक्षा हमें संयम से आगे बढ़ने का संदेश देती है। महात्मा बुद्ध के विचार और जीवन मूल्य एक बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेंगे।
Comments (0)