पूर्वी मप्र में बारिश कहर बरपा रही है। 15 से अधिक जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हैं। भोपाल में भी शनिवार की देर रात जोरदार बारिश हुई। दिनभर छाए बादल रात 10 बजे के बाद बरसे। प्रदेश में बीते चौबीस घंटे के दौरान रीवा में सबसे ज्यादा 8 इंच पानी गिरा। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर रही। निचली बस्तियों में 4 से 5 फीट तक पानी जा घुसा। इसके चलते चित्रकूट की सड़कों पर लोग नाव चलाते दिखे। शहडोल में शाम को बाणसागर डैम के 7 गेट तो जबलपुर में नर्मदा पर बने बरगी डैम के 5 गेट खोले गए।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र और यूपी से गुजर रही द्रोणिका का असर इन क्षेत्रों में देखा जा रहा है। शनिवार को रीवा में सबसे अधिक 8.12 इंच बारिश हुई। वहीं प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी है। अगले 24 घंटे प्रदेश के 41 जिलों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
Comments (0)