Ujjain: कल यानि शनिवार को दुनिया भर में महाशिवरात्रि (Maha Shivratri 2023) का पावन पर्व मनाया जाएगा। बता दें कि ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि पर शिव विवाह की मंगल बेला आ गई है। शुक्रवार की रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुलेंगे। इसके बाद भस्म आरती होगी। शनिवार तड़के चार बजे से आम दर्शन का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जो 19 फरवरी की रात 11 बजे पट बंद होने तक लगातार 44 घंटे चलेगा। इस दौरान गर्भगृह में भगवान महाकाल की चार प्रहर होने वाली पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहेगा।
सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में भी उमड़ा जन सैलाब
मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया कि इस बार कार्तिकेय मंडपम में नए प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिनसे सतत चलायमान दर्शन कराए जाएंगे। इस व्यवस्था से अधिकतम 50 मिनट में भक्तों को सुविधापूर्वक दर्शन होंगे। मंदिर प्रशासन सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में उमड़ रहे जन सैलाब पर भी नजर रखे हुए है। वहां से भी भक्त शिवरात्रि पर भगवान महाकाल के दर्शन करने आ सकते हैं।

यहां से दर्शन की कतार में लग सकते हैं भक्त
महाकाल दर्शन (Maha Shivratri 2023) करने आने वाले भक्त शुक्रवार रात से कर्कराज पार्किंग के सामने बैरिकेड से दर्शन की कतार में लगेंगे। यहां से पैदल चलते हुए गौंड बस्ती के पास से चारधाम मंदिर पहुंचेंगे। यहां से त्रिवेणी संग्रहालय, महाकाल महालोक होते हुए मानसरोवर द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे। इसके बाद महाकाल टनल से होते हुए मंदिर परिसर में पहुंचेंगे। यह संपूर्ण मार्ग करीब तीन किलोमीटर लंबा है।

इस रूप में होगा शृंगार
शिवनवरात्र महोत्सव के सातवें दिन गुरुवार को भगवान महाकाल का उमा-महेश रूप में शृंगार किया गया। शुक्रवार को भगवान महाकाल शिवतांडव रूप में भक्तों को दर्शन देंगे।
Comments (0)